मुजफ्फरनगर, 7 जून 26। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘फिट इंडिया : संडेज ऑन साइकिल’ के तहत रविवार सुबह चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं, खिलाड़ियों और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।खेल अनुभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं खेल निदेशालय लखनऊ के निर्देश पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा तथा मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव और डॉ. राजीव कुमार ने साइकिल चलाकर किया।रैली स्पोर्ट्स स्टेडियम के मुख्य द्वार से शुरू होकर मुजफ्फरनगर-मेरठ रोड स्थित सुजड़ू चुंगी तक पहुंची और वहां से वापस स्टेडियम में आकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर भूपेंद्र सिंह यादव ने कहा कि साइकिल चलाना केवल मनोरंजन या व्यायाम का साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त जीवनशैली का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से साइकिल को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। वहीं डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि साइकिल का अधिक उपयोग पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और इससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है।कार्यक्रम के दौरान विश्व साइकिल दिवस की इस वर्ष की थीम ‘हरित भविष्य के लिए साइकिल चलाना’ पर भी प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने कहा कि साइकिल कार्बन उत्सर्जन कम करने, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने तथा टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है।रैली में जिला खेल कार्यालय के कुश्ती प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, कबड्डी प्रशिक्षक संजीव कुमार, वुशु प्रशिक्षक मनीष कुमार, हॉकी प्रशिक्षक अंकुर कुमार सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भाग लिया। यातायात पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक हेम सिंह एवं आरक्षी अनुज कुमार भी मौजूद रहे।कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सूक्ष्म जलपान कराया गया तथा नियमित रूप से साइकिल चलाने का संकल्प दिलाया गया।