मुजफ्फरनगर। थाना शाहपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत का 25.33 किलोग्राम अवैध डोडा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार बरामद की है।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने बताया कि शाहपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ लेकर खतौला मोड़ की ओर से आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी।चेकिंग के दौरान मंडी की तरफ से आ रही एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवार युवक वाहन मोड़कर भागने लगे। इस पर पुलिस टीम ने पीछा किया और घेराबंदी कर खतौला मोड़ के निकट कुटबा-कुटबी मार्ग पर कार को रोक लिया। इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।तलाशी के दौरान कार से 25.33 किलोग्राम अवैध डोडा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी कब्जे में ले लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।