प्रयागराज। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को सोमवार को बड़ी सफलता मिली, जब डेढ़ लाख रुपये के इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस के अनुसार, भानु प्रताप सिंह की लोकेशन मिलने पर एसटीएफ टीम ने उसकी घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख उसने स्टेन गन से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।भानु प्रताप सिंह लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसके खिलाफ गोरखपुर, आजमगढ़, प्रयागराज और अयोध्या परिक्षेत्र में हत्या, लूट, रंगदारी समेत गंभीर अपराधों के 40 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। विभिन्न जिलों की पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर कुल डेढ़ लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि भानु प्रताप एक सक्रिय आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ था और कई संगीन वारदातों में उसकी तलाश की जा रही थी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, भानु प्रताप के अन्य साथियों और उसके आपराधिक नेटवर्क के बारे में भी जांच जारी है। इस कार्रवाई को प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।