मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी मोहल्ले में एक 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुरी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे मोनू की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।मृतक की मां सुकरमा ने आरोप लगाया कि घटना से पहले मोनू और उसकी पत्नी पूजा के बीच विवाद हुआ था। उनका कहना है कि विवाद के दौरान पूजा के पिता भी मौके पर मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के बाद मोनू की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।बताया गया है कि मोनू और पूजा का विवाह वर्ष 2018 में हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच विवाद रहने लगा था। परिजनों का कहना है कि पूजा द्वारा दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराने के बाद परिवार के कुछ सदस्यों को जेल भी जाना पड़ा था। पिछले करीब पांच वर्षों से पूजा अपने मायके में रह रही थी, जबकि लगभग तीन माह पहले ही वह दोबारा मोनू के साथ रहने आई थी।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि युवक की मौत के बाद उन्हें धमकियां दी गईं और मामले में कार्रवाई न करने का दबाव बनाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।