मुजफ्फरनगर। छपार थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के बाहर खेत में युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों ने उसके भाई के ससुराल पक्ष के कुछ लोगों पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।जानकारी के अनुसार ताजपुर निवासी संदीप कुमार पुत्र बिजेंद्र सिंह सोमवार सुबह घर से निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह ग्रामीणों को गांव के बाहर एक खेत में युवक का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार युवक की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।मृतक के परिवार का आरोप है कि संदीप पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में था। परिजनों का कहना है कि उसके भाई के ससुराल पक्ष के कुछ लोग उसे लगातार परेशान कर रहे थे। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी मोहित सहरावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group