मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र में तेंदुए के दिखाई देने की चर्चा ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। भद्रकाली चौकी के पास एक जंगली जानवर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। लोगों का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा जानवर तेंदुआ है, हालांकि वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।जानकारी के अनुसार कुछ लोग वाहन से क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे झाड़ियों के पास उन्हें एक जंगली जानवर दिखाई दिया। लोगों ने उसका वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने सतर्कता बढ़ा दी है। कई गांवों में लोग शाम के समय खेतों और जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं। बच्चों को अकेले घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी जा रही है। खेतों में काम करने वाले किसान भी समूह बनाकर जाने लगे हैं।मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। वन विभाग की रेंजर खुशबू उपाध्याय ने बताया कि हस्तिनापुर क्षेत्र वन्यजीवों की गतिविधियों के लिए जाना जाता है और यह इलाका वन्यजीव अभयारण्य के दायरे में आता है। ऐसे में किसी जंगली जानवर का दिखाई देना असंभव नहीं है। विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।