मुजफ्फरनगर, 9 जून 26। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को ग्राम कटिया में कृषि विभाग द्वारा खेत बचाओ अभियान (विकसित कृषि संकल्प अभियान) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ खेती के तरीकों के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा परीक्षण आधारित संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं जैव उर्वरकों के प्रयोग, हरी खाद तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करना रहा। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (आईएनएम), कृषि आदानों के संतुलित उपयोग और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के महत्व से अवगत कराया।अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक चौपाल, जागरूकता बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम और खेत प्रदर्शन आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना, कृषि लागत घटाना, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाना तथा किसानों की आय और लाभप्रदता में वृद्धि करना है।कार्यक्रम के दौरान किसानों को केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित फोल्डर, पुस्तिकाएं एवं प्रचार सामग्री वितरित की गई। साथ ही विभिन्न कृषि योजनाओं, अनुदान कार्यक्रमों और किसान हितैषी पहल की विस्तृत जानकारी देकर अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।किसानों ने कार्यक्रम में रुचि दिखाते हुए कृषि विशेषज्ञों से खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की और प्राकृतिक एवं संतुलित खेती को अपनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group