मेरठ। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने के चक्कर में एक युवक मुश्किलों में फंस गया। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बगड़िया मोहल्ले के रहने वाले विशाल धानक का पिस्टल के साथ बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि विशाल धानक ने कथित तौर पर अवैध हथियार के साथ रील बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी। वीडियो में युवक हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहा है। रील वायरल होते ही इलाके में इसकी चर्चा शुरू हो गई और लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक सोशल मीडिया के जरिए अपनी दबंग छवि बनाने की कोशिश कर रहा था। वीडियो सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो की पड़ताल में युवक की पहचान विशाल धानक के रूप में हुई है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखना और उसका सार्वजनिक प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।