लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार को सभी जिलों में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। इस बार आयोग ने चुनावी व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए प्रत्येक मतदाता को 9 अंकों का विशेष पहचान नंबर आवंटित किया है।निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार मतदाता सूची में प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों का निस्तारण करने के बाद अंतिम सूची तैयार की गई है। अब पंचायत चुनाव में मतदाताओं की पहचान इसी विशेष नंबर के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि इससे फर्जी मतदान की आशंकाएं कम होंगी और मतदान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी।आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान यह नंबर मतदाता की पहचान का महत्वपूर्ण आधार होगा। इससे मतदान केंद्रों पर पहचान संबंधी प्रक्रिया आसान होगी और पोलिंग कर्मियों को भी सुविधा मिलेगी।जारी की गई अंतिम मतदाता सूची जिला मुख्यालय, ब्लॉक कार्यालय और ग्राम पंचायत स्तर पर उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता वहां जाकर अपना नाम और उसके साथ दर्ज विशेष पहचान नंबर की जांच कर सकते हैं।निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से पहले सूची में अपना विवरण अवश्य देख लें, ताकि चुनाव के दिन किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची का प्रकाशन एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।