मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा में शामिल होने आए गाजियाबाद और हापुड़ के चार अभ्यर्थियों का सपना उस समय टूट गया, जब कथित तौर पर गूगल मैप की गलत लोकेशन के कारण वे समय पर परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सके। देर होने के चलते चारों अभ्यर्थियों को परीक्षा में प्रवेश नहीं मिल पाया।जानकारी के अनुसार हापुड़ निवासी धमेन्द्र चौधरी और अरुण मलिक तथा गाजियाबाद निवासी विशाल और नकुल की परीक्षा नई मंडी क्षेत्र के पटेल नगर स्थित दीपचंद ग्रीन चैंबर इंटर कॉलेज में बुधवार सुबह पहली पाली में निर्धारित थी। चारों अभ्यर्थी मोटरसाइकिल से परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हुए थे और रास्ता जानने के लिए मोबाइल नेविगेशन का सहारा लिया था।अभ्यर्थियों का आरोप है कि नेविगेशन सिस्टम ने उन्हें परीक्षा केंद्र की बजाय शामली जनपद के चंदहेड़ी क्षेत्र की ओर पहुंचा दिया। काफी देर तक भटकने के बाद जब उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ तो उन्होंने सही पता तलाश कर मुजफ्फरनगर की ओर रुख किया, लेकिन तब तक परीक्षा शुरू हो चुकी थी।परीक्षा केंद्र पहुंचने पर निर्धारित समय समाप्त होने के कारण चारों अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया। परीक्षा छूटने के बाद निराश अभ्यर्थी जिला मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों को पूरी घटना से अवगत कराया।इसके बाद अभ्यर्थियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजा गया, जहां उनकी मुलाकात एसपी सिटी अमृत जैन से हुई। अभ्यर्थियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए अपनी समस्या रखी।एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म को भी पत्र भेजकर यह जानकारी मांगी जाएगी कि परीक्षा केंद्र की लोकेशन के स्थान पर दूसरी लोकेशन क्यों प्रदर्शित हुई। साथ ही पूरे प्रकरण से भर्ती बोर्ड को भी अवगत कराया जाएगा।यह घटना तकनीक पर बढ़ती निर्भरता के बीच एक बड़ी सीख बनकर सामने आई है। परीक्षा छूटने से चारों अभ्यर्थियों में मायूसी है, वहीं प्रशासन अब मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group