मुजफ्फरनगर। बुढाना कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवा दिया।जानकारी के अनुसार, बुढाना-खतौली मार्ग पर बसी जाने वाले रास्ते के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आदिल के रूप में हुई।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आदिल एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ लूट, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।