मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव दद्देडू कला स्थित मस्जिद में चोरी का प्रयास ग्रामीणों की सतर्कता से विफल हो गया। मस्जिद से नकदी चुराने की कोशिश कर रहे एक युवक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से दो हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, घटना 29 जून की रात करीब साढ़े नौ बजे की है। शिकायतकर्ता ताहिर पुत्र हबीब चरथावल से अपने गांव दद्देडू कला लौट रहे थे। इसी दौरान ईदगाह के सामने बनी मस्जिद के पास उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में अंदर जाता दिखाई दिया। शक होने पर ताहिर भी उसके पीछे मस्जिद में पहुंच गए।अंदर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि युवक मस्जिद में मिम्बर के पास रखे रुपये उठाकर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। ताहिर ने तुरंत उसे पकड़ लिया और शोर मचाया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अजीम पुत्र इलियास निवासी जाफरपुर, थाना थानाभवन, जनपद शामली बताया।मौके पर युवक की तलाशी ली गई तो उसकी पैंट की जेब से पांच-पांच सौ रुपये के चार नोट, कुल दो हजार रुपये मिले। ग्रामीणों का आरोप है कि यही रकम मस्जिद से उठाई गई थी।शोर सुनकर गांव के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। मस्जिद के बाहर आरोपी का ई-रिक्शा भी खड़ा मिला। ग्रामीणों ने आरोपी, बरामद नकदी और ई-रिक्शा सहित उसे चरथावल थाने पहुंचाकर पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने शिकायतकर्ता की तहरीर पर आरोपी अजीम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह पहले किसी अन्य चोरी की घटना में शामिल रहा है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group