मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे के बुढ़ाना रोड स्थित एक मकान में को चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने तेज रूप ले लिया और पास रखा सामान भी इसकी चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।जानकारी के अनुसार बुढ़ाना रोड निवासी डॉ. आरिफ के मकान के निचले हिस्से में ई-स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक बैटरी से चिंगारियां निकलनी शुरू हुईं और देखते ही देखते स्कूटी आग की लपटों में घिर गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।आग तेजी से फैलते हुए पास खड़ी एक मोटरसाइकिल, इनवर्टर बैटरी और अन्य घरेलू सामान तक पहुंच गई। घर से धुआं और लपटें उठती देख आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बाल्टियों में पानी और रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।मोहल्ले के लोगों की मुस्तैदी के चलते आग को ऊपरी मंजिल तक पहुंचने से रोक लिया गया। उस समय मकान की ऊपरी मंजिल पर परिवार के सदस्य मौजूद थे। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उनका कहना है कि ई-वाहनों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन चार्जिंग के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group