मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर अपराधियों ने एक महिला के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से कुल 10 लेनदेन कर 4.35 लाख रुपये से अधिक की रकम निकाल ली। पीड़िता की शिकायत पर नई मंडी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में बचन सिंह कॉलोनी निवासी बेबी रानी, पत्नी जोगेंद्र पाल ने बताया कि उनका बैंक खाता बैंक ऑफ बड़ौदा की गांधी कॉलोनी शाखा में है। आरोप है कि 26 जून को साइबर ठगों ने यूपीआई के जरिए आठ अलग-अलग लेनदेन कर उनके खाते से 4,30,580 रुपये निकाल लिए। इसके बाद दो जुलाई को दो अन्य लेनदेन में 5,000 और 500 रुपये भी खाते से कट गए।पीड़िता ने बताया कि इससे पहले 22 और 25 जून को उनके खाते में 11-11 रुपये के परीक्षण लेनदेन भी हुए थे। उस समय उन्हें इसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ। बाद में खाते की जानकारी जांचने पर बड़ी धनराशि निकलने का पता चला।धोखाधड़ी की जानकारी मिलते ही महिला ने राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और हेल्पलाइन 1930 पर भी सूचना दी। राहत नहीं मिलने पर उन्होंने नई मंडी थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पीड़िता का कहना है कि खाते में जमा राशि उनकी वर्षों की बचत थी, जिसके निकल जाने से परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में है।नई मंडी थाना पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक संदीप सिंह को सौंप दी है। पुलिस डिजिटल लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।