मुजफ्फरनगर, 7 जुलाई 26। नई मंडी थाना पुलिस ने नशीले कैप्सूलों की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सप्लायर और वितरक समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20 से 25 लाख रुपये कीमत के 76,800 नशीले कैप्सूल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जबकि गिरोह का एक अन्य आरोपी फरार है।नगर पुलिस अधीक्षक अमृत जैन एवं क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में छह जुलाई की रात बिलासपुर चौराहे पर वाहन जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग कूकड़ा ग्राउंड में नशीले पदार्थों का बंटवारा कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छह लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान चार कार्टनों से स्पासमोर और स्पासमेड कंपनी के कुल 76,800 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फरार आरोपी सुमित उन्हें नशीले कैप्सूल उपलब्ध कराता था। इसके बाद वे इन्हें अवैध रूप से खरीदकर दोगुने दामों पर बेचते थे। पुलिस के अनुसार बरामद कैप्सूल चिकित्सकीय पर्चे पर ही दिए जाने वाले हैं, लेकिन गिरोह इन्हें अवैध तरीके से बाजार में खपा रहा था।पुलिस ने जावेद, नौशाद, मोहम्मद आजाद, नवीन कुमार, मोहम्मद कासिफ और सचिन गुप्ता को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी सुमित की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group