जयपुर। श्याम नगर थाना क्षेत्र में अजमेर रोड स्थित 200 फीट बाईपास पर हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े परिवार को टक्कर मारते हुए सुरक्षा रेलिंग तोड़ गई। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, हादसा होटल हाईवे किंग के निकट हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज गति से आ रही ट्रॉली का चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रॉली पहले सड़क किनारे लगी लोहे की सुरक्षा रेलिंग से टकराई और इसके बाद वहां मौजूद परिवार के पांच सदस्यों को अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में रमेश, रतन और दीपक नामक तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में बच्चों के माता-पिता चंद्र प्रकाश और कैलाशी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रॉली चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों और चालक की गतिविधियों का पता लगाया जा सके।घटना के कारण कुछ समय तक बाईपास पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और यातायात कर्मियों ने क्षतिग्रस्त ट्रॉली को क्रेन की सहायता से हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।