सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सुल्तानपुर जनपद के विकास को गति देने के उद्देश्य से 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, आवास की चाबियां, उपकरण और प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास, उद्योग, श्रम एवं पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत अनीता कुमारी को नए आवास की चाबी सौंपी गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत विद्युत सखी सीमा मौर्य और निधि वर्मा को थर्मल प्रिंटर उपलब्ध कराए गए, जबकि बीसी सखी संजू साहू को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी बड़ी वित्तीय सहायता प्रदान की गई। साधना देवी और नजमा को 409 स्वयं सहायता समूहों के लिए 6 करोड़ 13 लाख 50 हजार रुपये का चेक सौंपा गया। इसके अलावा समूह प्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों को भी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत करोड़ों रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई।युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री उद्यमी युवा योजना के तहत कई लाभार्थियों को ऋण सहायता के चेक वितरित किए गए। वहीं श्रमिक कल्याण योजनाओं के अंतर्गत पात्र श्रमिकों को मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना का लाभ दिया गया। पशुपालन क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए नंद बाबा दुग्ध योजना के लाभार्थियों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की गई।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण कराने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group