मुजफ्फरनगर, 8 जुलाई 26। जनपद में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में बुधवार को खतौली क्षेत्र के कई निजी अस्पतालों और चिकित्सीय संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान विभिन्न अस्पतालों में अभिलेखों और व्यवस्थाओं में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई।निरीक्षण के दौरान दयालपुर स्थित अनीता मेडिकेयर में अभिलेखों में दर्ज एमबीबीएस चिकित्सक मौके पर उपस्थित नहीं मिले। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल के ऑपरेशन कक्ष (ओटी) को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही अस्पताल संचालक से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।इसके बाद टीम ने शर्मा मेडिकल सेंटर का निरीक्षण किया। यहां आवश्यक अभिलेख एवं दस्तावेज अधूरे पाए जाने पर संचालक को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।अपेक्स हॉस्पिटल के निरीक्षण में भी आवश्यक अभिलेखों में कमियां सामने आईं। इस पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के अन्य निजी चिकित्सीय संस्थानों का भी निरीक्षण किया। जहां दस्तावेजों अथवा व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं, वहां संचालकों को चेतावनी देते हुए शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए गए।उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कहा कि जनपद में निजी अस्पतालों और चिकित्सीय संस्थानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group