मुजफ्फरनगर। जनपद में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। तितावी थाना क्षेत्र के जसोई गांव निवासी एक महिला के बैंक खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने करीब 6.68 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले में बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन का ब्योरा खंगाल रही है।पुलिस को दी गई शिकायत में रीता मित्तल ने बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक की जसोई शाखा में खाता है। उनके मोबाइल पर एक अज्ञात लिंक आया था। आरोप है कि लिंक खोलने के बाद मोबाइल फोन हैक हो गया, जिसके बाद साइबर अपराधियों ने बैंक खाते तक पहुंच बना ली और कई ऑनलाइन लेनदेन कर दिए।शिकायत के अनुसार, 10 जून से 16 जून 2026 के बीच अलग-अलग डिजिटल लेनदेन के माध्यम से खाते से कुल 6 लाख 67 हजार 996 रुपये निकाल लिए गए। बैंक खाते का विवरण देखने पर उन्हें इस धोखाधड़ी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।पीड़िता ने सबसे पहले राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। बाद में साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले की जांच निरीक्षक रविंद्र पाल सिंह को सौंपी गई है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिन बैंक खातों और ट्रांजेक्शन के माध्यम से धनराशि स्थानांतरित की गई है, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, मोबाइल में अनजान एप्लीकेशन स्थापित न करें तथा बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।