मुजफ्फरनगर। जिले में गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सर्विलांस सेल ने पिछले तीन माह में 131 स्मार्ट मोबाइल बरामद किए हैं। करीब 14 लाख रुपये मूल्य के इन मोबाइलों को मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मोबाइल बरामदगी के लिए सर्विलांस सेल ने जनपद के विभिन्न थानों के साथ मिलकर तकनीकी जांच की। भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की सहायता से अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मोबाइल फोन का पता लगाया गया। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस कर दिए गए।पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान में सर्विलांस टीम ने लगातार तीन माह तक तकनीकी विश्लेषण और फील्ड कार्रवाई कर सफलता हासिल की। अधिकारियों का कहना है कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की सूचना समय पर मिलने से उसकी बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल सकेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों का विश्वास बढ़ा है और तकनीकी जांच की उपयोगिता भी सामने आई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि जनपद में गुम मोबाइल की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर बिना विलंब संबंधित थाने या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी स्तर पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। अभियान में प्रभारी सर्विलांस सेल विकास चौधरी और उनकी टीम की प्रमुख भूमिका रही।