मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव जौली में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, धारदार हथियार तथा ईंट-पत्थर चले, जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा पहुंचाया, जहां से एक युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, ग्राम नगला बुजुर्ग निवासी संजय और गांव जौली निवासी श्रीपाल के खेत एक-दूसरे से सटे हुए हैं। खेत की मेड़ और अन्य पुराने विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी समय से तनातनी चली आ रही थी। शनिवार को संजय अपनी पत्नी संगीता, साले गोविंद तथा साढ़ू अक्षय के साथ एक सगाई समारोह से लौट रहे थे। आरोप है कि गांव पहुंचने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों के साथ ईंट-पत्थर भी चले, जिससे कई लोग घायल हो गए। संघर्ष में संजय, उनकी पत्नी संगीता, साले गोविंद और साढ़ू अक्षय को चोटें आईं। संजय के सिर में गंभीर चोट लगने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट का आरोप लगाया गया है। इस पक्ष के सतपाल और काजल के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों का उपचार कराया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया।भोपा थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर दी है। प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है और घायलों के चिकित्सकीय परीक्षण के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group