मुजफ्फरनगर। खतौली कस्बे के मोहल्ला सद्दीकनगर में दो बच्चों की मां के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। साथ ही घर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात भी गायब होने की बात कहते हुए पुलिस से पत्नी की बरामदगी और आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।पीड़ित जावेद पुत्र अख्तर ने कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि उसकी शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसके अनुसार पड़ोस में रहने वाले एक युवक का उनके घर पर अक्सर आना-जाना था। आरोप है कि शनिवार को उक्त युवक उसकी पत्नी को अपने साथ ले गया। काफी देर तक पत्नी के घर वापस न लौटने पर उसने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।जावेद का कहना है कि पत्नी की तलाश के दौरान जब उसने घर की अलमारी की जांच की तो उसमें रखे लगभग 50 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवरात भी गायब मिले। उसका आरोप है कि नकदी और आभूषण भी साथ ले जाए गए हैं। उसने घटना को पूर्व नियोजित बताते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने घटना की जानकारी अपने ससुराल पक्ष और पुलिस को देने की बात कही तो आरोपी पक्ष की ओर से उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद से परिवार स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।खतौली कोतवाली पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा महिला और नामजद युवक का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।