मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर भाई-बहन के साथ मारपीट और महिला के साथ अभद्रता किए जाने के आरोप में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार ककरौली निवासी मोहम्मद हसन ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार को उनका रिश्तेदार सबाकरीम अपनी बहन मुस्कान के साथ घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के पांच लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने सबाकरीम के साथ लाठी-डंडों और धारदार हथियार से मारपीट की।शिकायत में कहा गया है कि हमले में सबाकरीम के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव के लिए पहुंची उसकी बहन मुस्कान के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उसके कपड़े भी फाड़ दिए गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी ली और पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शाहबाज, शाहनवाज, अफजल, शानू और रियाज, सभी निवासी ककरौली, के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।थाना पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है। पीड़ितों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group