मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में शहर के प्रमुख वहलना चौक का नाम बदलकर ‘महाराणा प्रताप चौक’ किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बोर्ड के इस निर्णय का प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने स्वागत करते हुए इसे जनभावनाओं के अनुरूप और ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, सभी सभासदों और बोर्ड सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया।राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि महाराणा प्रताप भारतीय इतिहास के उन महान वीरों में शामिल हैं, जिनका साहस, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके अनुसार शहर के एक प्रमुख चौक का नाम महाराणा प्रताप के नाम पर रखा जाना केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का प्रयास भी है।उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर वह काफी समय से प्रयासरत थे। इसी क्रम में उन्होंने पूर्व में जिलाधिकारी को पत्र भेजकर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर मेरठ की ओर से शहर के प्रवेश द्वार के निकट महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित कराने और शासन को प्रस्ताव भेजने का अनुरोध भी किया था। उनका कहना है कि इस स्थान को भविष्य में वीरता, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का प्रतीक स्वरूप विकसित किया जाना चाहिए।कपिल देव अग्रवाल ने विश्वास जताया कि नगर पालिका बोर्ड द्वारा पारित प्रस्ताव पर जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होंगी और नया नाम आधिकारिक रूप से लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे शहर की पहचान को नया आयाम मिलेगा और युवाओं को महान ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के आदर्शों से प्रेरणा लेने का अवसर प्राप्त होगा।राज्य मंत्री ने एक बार फिर नगर पालिका अध्यक्ष, बोर्ड सदस्यों और सभासदों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि देश के महापुरुषों को सम्मान देना समाज को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है। ऐसे निर्णय राष्ट्र गौरव की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ इतिहास और संस्कृति के प्रति नई पीढ़ी में जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होंगे।
