बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को आवंती नगर आवास विकास कॉलोनी निवासी योगेंद्र कुमार की तहरीर पर नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि देवीपुरा प्रथम निवासी पुष्पेंद्र उर्फ कालू ने अपने पिता रामप्रताप की सोते समय फावड़े से हमला कर हत्या कर दी। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी। रविवार को नगर कोतवाली पुलिस ने उसे काली नदी के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में आरोपी के विरुद्ध इसी हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group