मुजफ्फरनगर। रोहाना मिल के निकट सहारनपुर स्टेट हाईवे पर हुए सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस के अनुसार, मेरठ जनपद के दौराला थाना क्षेत्र स्थित गांव केली निवासी अफसार ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई अफजाल 17 जून की तड़के ट्रैक्टर से देवबंद से अपने गांव लौट रहा था। रोहाना मिल के पास रेड रोज पब्लिक स्कूल के निकट पीछे से आए एक ट्रक ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से ट्रैक्टर में टक्कर मार दी।हादसा इतना गंभीर था कि अफजाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।तहरीर में दो प्रत्यक्षदर्शियों के घटना देखने का भी उल्लेख किया गया है। परिजनों ने बताया कि अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक कार्यों में व्यस्त होने के कारण तत्काल शिकायत दर्ज नहीं कराई जा सकी। बाद में कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी गई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर ट्रक के स्वामित्व और चालक की पहचान के आधार पर जांच शुरू कर दी है।