आगरा। शहर के आवास विकास क्षेत्र निवासी आयकर अधिवक्ता सुनील सिंह के पालतू तोते के लापता होने के बाद परिवार ने उसकी तलाश के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। परिवार ने शहर के विभिन्न स्थानों पर पोस्टर और होर्डिंग लगवाए हैं तथा लोगों से तोते के बारे में सूचना देने की अपील की है।सुनील सिंह के अनुसार उनका पालतू तोता ‘माऊ’ 13 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक तेज हवा चलने के दौरान उड़ गया। उस समय वह उनके कंधे पर बैठा हुआ था। उन्होंने काफी दूर तक उसका पीछा किया, लेकिन वह नजरों से ओझल हो गया। इसके बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा है।परिवार का कहना है कि माऊ उनके लिए केवल एक पालतू पक्षी नहीं, बल्कि परिवार का सदस्य था। उसके लापता होने के बाद घर का माहौल बदला हुआ है। सुनील सिंह ने बताया कि उनकी बेटी सृष्टि काफी परेशान है और उसने खाना भी कम कर दिया है। परिवार के अन्य सदस्य भी तोते के वापस आने की उम्मीद लगाए हुए हैं।सुनील सिंह ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले घर के पास गिरे एक पेड़ से उन्हें तोते का छोटा बच्चा मिला था। उसे घर लाकर पाला गया और उसका नाम ‘माऊ’ रखा गया। समय के साथ वह परिवार से इस तरह घुल-मिल गया कि सुनील सिंह को ‘पापा’ और उनकी पत्नी को ‘मम्मी’ कहकर पुकारने लगा। वह अपना नाम भी स्पष्ट रूप से बोल लेता था और अक्सर उनके साथ दफ्तर तथा पारिवारिक कार्यक्रमों में भी जाता था।तोते की तलाश के लिए इनाम की घोषणा के बाद अब तक कई लोगों के फोन आ चुके हैं। हालांकि सुनील सिंह का कहना है कि उन्हें किसी दूसरे तोते की तलाश नहीं है, बल्कि उनका अपना ‘माऊ’ ही वापस चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को हरे रंग का यह तोता दिखाई दे या उसके बारे में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सूचना दें। सही सूचना देकर तोते को सुरक्षित लौटाने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group