मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर सीकरी गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच देर रात एक कच्चा मकान ढह जाने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।

जबकि दो बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को मलबे से बाहर निकाला।

घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।प्रशासन के अनुसार हादसा रात करीब आठ बजे उस समय हुआ, जब परिवार के सदस्य मकान के भीतर मौजूद थे। लगातार बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवारें और नींव कमजोर हो गई थीं। अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा और सभी सदस्य मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही फुगाना थाना पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाया गया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परिवार के मुखिया हसनान उर्फ इल्मुद्दीन (60 वर्ष), रुखसार (10 वर्ष), अबरू (5 वर्ष), अलीशा (4 वर्ष) और फिजा (1 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल दो बच्चियों का उपचार चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्य का जायजा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण लगातार बारिश से कच्चे मकान का कमजोर होना सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के आश्रितों को प्रति मृतक पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जानने के साथ चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने जर्जर और कच्चे मकानों का सर्वे कराने तथा ऐसे भवनों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group