मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव महमूदपुर माजरा के जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। शव करीब एक सप्ताह पुराना होने के कारण काफी गली-सड़ी अवस्था में था। सूचना मिलने पर भोपा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।प्रारंभिक जांच में पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा जिले और आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का भी मिलान कराया जा रहा है। शव की स्थिति खराब होने के कारण मौके पर पहचान संभव नहीं हो सकी।पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मृतक की शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।