मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सपना कश्यप 25 जुलाई को मुजफ्फरनगर में महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा के साथ जनसुनवाई करेंगी। कार्यक्रम पूर्वाह्न 11 बजे लोक निर्माण विभाग (निरीक्षण भवन) में आयोजित होगा, जहां पीड़ित महिलाएं और बालिकाएं प्रार्थना पत्र के साथ उपस्थित होकर अपनी शिकायतें सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगी।जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि महिला उत्पीड़न की घटनाओं की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने तथा संबंधित मामलों की प्रभावी समीक्षा के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग का यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान आयोग की सदस्य जिले के संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी करेंगी और महिला संबंधी मामलों की प्रगति की जानकारी लेंगी।उन्होंने बताया कि जनसुनवाई के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को अपनी समस्याएं सीधे आयोग तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। आयोग प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों और अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी करेगा, ताकि मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।जिला प्रशासन ने जनपद की ऐसी सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है, जो किसी प्रकार के उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, संपत्ति विवाद अथवा अन्य महिला संबंधी समस्याओं से जूझ रही हैं, वे 25 जुलाई को पूर्वाह्न 11 बजे लोक निर्माण विभाग स्थित निरीक्षण भवन पहुंचकर अपना प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें।जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि आयोग की सदस्य शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी देंगी।
