मुजफ्फरनगर। बुढाना थाना पुलिस ने पशु चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद एक घायल सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दो भैंस, एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चोरी की गई भैंसों को बेचने के लिए कांधला ले जा रहे थे।पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को ग्राम विज्ञाना निवासी शाहनजर ने अपनी डेयरी से रात के समय दो भैंस चोरी होने की तहरीर बुढाना थाने में दी थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने घटना के खुलासे और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को सुराग मिले कि चोरी की गई भैंसों को बेचने की तैयारी की जा रही है।मंगलवार को जौला-कुरालसी मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध पिकअप को रुकने का संकेत दिया। पुलिस के अनुसार चालक और उसके साथी वाहन छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गए। घेराबंदी के दौरान पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने बताया कि उन्होंने अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर ग्राम विज्ञाना से सठेड़ी मार्ग स्थित शाहनजर की डेयरी का ताला तोड़कर दो भैंस चोरी की थीं। चोरी के बाद भैंसों को कुरालसी और निरपुरा के बीच खेतों में छिपा दिया गया था। मंगलवार को वे उन्हें पिकअप में लादकर कांधला में बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।पुलिस ने घायल शाहनूर पुत्र मोमीन निवासी बसौद, थाना सिंघावली अहीर जनपद बागपत, जीशान पुत्र समयद्दीन निवासी ग्राम विज्ञाना, थाना बुढाना तथा आलिम पुत्र नानू निवासी बसौद, जनपद बागपत को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की दो भैंस, 315 बोर का तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन बरामद हुआ है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने पशु चोरी के विरुद्ध अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।