मुजफ्फरनगर। महावीर चौक पर मंगलवार को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान भाजपा समर्थक युवक और सपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। राहुल गांधी और अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में चल रहे प्रदर्शन के बीच युवक के पहुंचने पर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान पर पुलिसकर्मी के हाथ से डंडा लेकर युवक की पिटाई करने का आरोप है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर तनाव की स्थिति रही। सूचना मिलते ही पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। उपलब्ध वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

