मुजफ्फरनगर में बुधवार को भूजल सप्ताह-2026 के समापन अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों को जल बचाने की शपथ दिलाई गई तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण के निर्देशन में किया गया।मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. मुरली भास्कर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वर्ष 2026 की थीम “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” को केंद्र में रखते हुए जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। डॉ. मुरली भास्कर ने सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन की शपथ दिलाते हुए दैनिक जीवन में पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने का संदेश दिया। उन्होंने रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से भी जल बचाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रत्येक वर्ष 16 से 22 जुलाई तक भूजल सप्ताह मनाकर लोगों को भूजल संरक्षण और वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक करती है। उन्होंने कहा कि कृषि, पेयजल और उद्योगों की अधिकांश आवश्यकताएं भूजल पर निर्भर हैं, इसलिए इसका संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, रूफटॉप वर्षा जल संचयन और भूजल के वैज्ञानिक प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।डॉ. नीरज कुमार ने लोगों से भूजल का संतुलित उपयोग करने और जल संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। अस्पताल प्रबंधक प्रियंका ने कविता के माध्यम से जल बचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान “जल की आवश्यकता” विषय पर भाषण, चित्रकला, स्लोगन लेखन, गायन तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी जल संरक्षण का महत्व समझाया गया।समापन समारोह में केंद्र सरकार के ‘जल संचय जनभागीदारी: कैच द रेन-2026’ अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक से वर्षा जल की प्रत्येक बूंद बचाने, अनावश्यक भूजल दोहन रोकने, कम से कम पांच लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करने, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में भाग लेने तथा प्रतिदिन पानी बचाने का संकल्प लेने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group