मुजफ्फरनगर स्थित नचिकेता स्कूल्स में विद्यार्थियों में उद्यमिता, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने के उद्देश्य से “अनुभव” सफल उद्यमी श्रृंखला के अंतर्गत एक प्रेरक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बेक स्टुडियो के संस्थापक चिराग अरोड़ा और सह-संस्थापक शिवम अरोड़ा ने विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए व्यवसाय, नवाचार और आत्मनिर्भरता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।कार्यक्रम के दौरान दोनों युवा उद्यमियों ने अपने व्यवसाय की शुरुआत से लेकर सफलता तक के सफर में आई चुनौतियों और उनसे मिले अनुभवों को विद्यार्थियों के सामने रखा।

उन्होंने बताया कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्पष्ट सोच, निरंतर प्रयास, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और नई संभावनाओं को अपनाने के लिए प्रेरित किया।संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने उद्यमिता, करियर निर्माण, व्यवसाय की शुरुआत, जोखिम प्रबंधन और भविष्य की संभावनाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे। अतिथि वक्ताओं ने प्रत्येक प्रश्न का विस्तार से उत्तर देते हुए छात्रों को व्यवहारिक अनुभवों के आधार पर मार्गदर्शन दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता दिखाई और विभिन्न विषयों पर उपयोगी जानकारी प्राप्त की।विद्यालय की उपप्रधानाचार्या (अकादमिक) जसबीर कौर तथा उपप्रधानाचार्या (प्रशासन) विक्की जैन ने अतिथि वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक जीवन के अनुभवों से विद्यार्थियों को नई दिशा मिलती है, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और आत्मनिर्भर बनने का दृष्टिकोण विकसित होता है।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन ने दोनों उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रेरक विचारों के लिए धन्यवाद दिया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान और जीवन कौशल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि छात्र अपने करियर और जीवन से जुड़े निर्णय अधिक आत्मविश्वास के साथ ले सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group