मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के शुकतीर्थ में झील के समीप एक अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में हलचल मच गई। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, जिसके चलते पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मंगलवार सुबह आरआरसी सेंटर में कार्यरत कर्मचारी पूनम और सुपरवाइजर मोनिका की नजर झील के पास नाले में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शुक्रताल चौकी प्रभारी विवेक चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
जांच के दौरान शव की पहचान नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव जट मुझेड़ा निवासी 52 वर्षीय कैलाश पुत्र चरण सिंह के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कैलाश अविवाहित थे और पिछले लगभग तीन वर्षों से शुकतीर्थ के विभिन्न आश्रमों में रहकर गुरु सेवा कर रहे थे। वह समय-समय पर ही अपने घर आते थे।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के भाई आजादवीर, राहुल समेत अन्य परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि कैलाश की किसी से रंजिश की जानकारी नहीं थी, इसलिए मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना जरूरी है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच के लिए सुरक्षित किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। भोपा थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।