मुजफ्फरनगर। तहसील सदर सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 34 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायत का अधिकारी स्वयं संज्ञान लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान कराएं। जिन मामलों का तत्काल निस्तारण संभव न हो, उनमें शिकायतकर्ता को स्पष्ट रूप से कारण बताते हुए अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।समाधान दिवस में राजस्व, विद्युत, सिंचाई, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, डूडा, पंचायती राज, चिकित्सा, श्रम, पुलिस, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित व्यक्ति से फीडबैक अवश्य लिया जाए और मौके का छायाचित्र भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि कार्रवाई की पारदर्शिता बनी रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के भी समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के समाधान में विलंब नहीं होना चाहिए और प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्षता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका और संबंधित विभागों को कांवड़ मार्गों पर नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मार्गों को गड्ढामुक्त रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी प्रकार की कमी न रहने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए।इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया, नगर एवं मंडी क्षेत्राधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक श्रमायुक्त, उप कृषि निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।