रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के दलमऊ थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को घर के भीतर दफनाने का मामला सामने आया है। कई दिनों बाद शव से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया। मामले में पुलिस ने मृतक से जुड़े प्रेम प्रसंग के आधार पर आरोपी की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि उसका पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।पुलिस के अनुसार दलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे राउज गांव निवासी रीता की शादी रामप्रकाश से हुई थी। वैवाहिक संबंधों में लंबे समय से अनबन चलने के कारण रीता अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसका गांव के ही अमित नामक युवक से संपर्क बढ़ा और दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना वाले दिन रीता और अमित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान रीता ने अपने पति रामप्रकाश को बुला लिया। आरोप है कि मौके पर पहुंचे रामप्रकाश ने अमित के साथ मारपीट की और उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से घर के भीतर गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया तथा ऊपर से फर्श समतल कर दिया। कुछ दिन बाद घर से दुर्गंध आने लगी, जिस पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई कर शव को बाहर निकलवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच फॉरेंसिक टीम की सहायता से भी कराई जा रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।दलमऊ थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रीता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि मुख्य आरोपी रामप्रकाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।