मुजफ्फरनगर जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने चौकी स्तर की सक्रियता का परिचय देते हुए नामी कंपनियों के ब्रांड की नकल कर नकली बीड़ी तैयार कर बाजार में बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर की गई इस कार्रवाई में भारी मात्रा में तैयार नकली बीड़ी, पैकिंग सामग्री और विभिन्न ब्रांडों के नकली लेबल बरामद किए गए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।पुलिस के अनुसार तीन अगस्त को जेपी टोबैको प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने रतनपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सहेड़ी निवासी रिशेश नामक व्यक्ति कंपनी के पंजीकृत ट्रेडमार्क की अवैध नकल कर नकली बीड़ियां तैयार कर रहा है। आरोप था कि आरोपी फर्जी दस्तावेजों और पैकेजिंग का उपयोग कर इन उत्पादों को असली बताकर बाजार में बेच रहा है, जिससे कंपनी के अधिकारों का उल्लंघन होने के साथ उपभोक्ताओं को भी धोखा दिया जा रहा है।शिकायत दर्ज होने के बाद रतनपुरी पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी रिशेश पुत्र जिले सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान छह जूट के बोरों में बड़ी संख्या में तैयार नकली बीड़ी, ‘पटाका 502’ ब्रांड के लेबल, रैपर, पैकिंग सामग्री तथा बीड़ी निर्माण में प्रयुक्त अन्य सामान बरामद हुआ।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नामी कंपनियों की पैकेजिंग और ब्रांड की हूबहू नकल कर नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में आपूर्ति कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध कारोबार कब से संचालित हो रहा था, नकली माल किन-किन क्षेत्रों में भेजा जाता था तथा इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना के पर्यवेक्षण में रतनपुरी थाना पुलिस व चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने संपन्न की।