मुजफ्फरनगर में श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने मंगलवार को विभिन्न कांवड़ चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ धमात स्थित शिविर में स्वयं कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार और चिकित्सकीय परामर्श भी दिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बागोवाली, बेलड़ा, नंगला दुल्हेरी, भोपा, तुगलकपुर, निरगाजिनी तथा धमात में संचालित चिकित्सा शिविरों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उपलब्ध दवाओं, चिकित्सा उपकरणों, आपातकालीन उपचार की व्यवस्था तथा चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मियों की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिविरों में आवश्यक दवाओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखा जाए और प्रत्येक स्थान पर चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित हों।धमात स्थित चिकित्सा शिविर में डॉ. सुनील तेवतिया ने कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी चिकित्सकीय आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उपचार उपलब्ध कराया। साथ ही उन्होंने यात्रियों से सावधानी बरतने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत चिकित्सा शिविरों का लाभ लेने की अपील की।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, स्टाफ नर्सों तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि यात्रा समाप्त होने तक पूरी सतर्कता, सेवा-भाव और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कांवड़ मार्ग पर स्थापित चिकित्सा शिविरों में लगातार चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group