मुजफ्फरनगर। श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस ने मंगलवार को ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। नई मंडी थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करते पाए गए 14 वाहनों के चालान किए गए। इनमें आठ रोडवेज बसें भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे ने की। क्षेत्राधिकारी यातायात राधारमण तथा यातायात प्रभारी राकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों की गति की जांच की। जांच के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक गति से चल रहे वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग और प्रमुख संपर्क मार्गों पर वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहती है। ऐसे में तेज गति से वाहन चलाने पर दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ओवर स्पीडिंग, लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा सड़क पर संयम और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और तीन सवारी लेकर वाहन न चलाने को भी कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।