मुज़फ्फरनगर। महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मीरापुर थाना पुलिस ने छेड़छाड़ के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में एक वयस्क और एक किशोर शामिल है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद वयस्क आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया।पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संवेदी और क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह के पर्यवेक्षण में महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों में वांछित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मीरापुर थाना पुलिस को सूचना मिली कि छेड़छाड़ के मुकदमे में नामजद दोनों आरोपित अपने घर पर मौजूद हैं।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजीव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। उपनिरीक्षक मदनपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ वलीपुर गांव में घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोईन पुत्र मोहसिन निवासी वलीपुर तथा उसके साथ एक किशोर को हिरासत में ले लिया। दोनों के विरुद्ध मीरापुर थाने में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज था और वे गिरफ्तारी से बचने के लिए काफी समय से फरार चल रहे थे।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर वयस्क आरोपित मोईन को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। वहीं, किशोर आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड के निर्देशानुसार बाल सुधार गृह भेजा गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में फरार चल रहे आरोपितों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।