मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नरा में शुक्रवार तड़के एक होमगार्ड जवान ने अपने दामाद के घर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले कुछ समय से बीमारी से जूझ रहे थे।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 58 वर्षीय चंद्रसेन निवासी गांव सालाखेड़ी, थाना तितावी के रूप में हुई है। वह होमगार्ड विभाग में कार्यरत थे और वर्तमान में कोतवाली नगर में उनकी ड्यूटी लगी हुई थी। कुछ दिन पहले वह अपने दामाद तीर्थराम के घर गांव नरा आए थे।बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे परिवार के अन्य सदस्य सो रहे थे। इसी दौरान चंद्रसेन ने कमरे में दीवार की खूंटी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने तलाश की तो वह फंदे पर लटके मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।मंसूरपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आत्महत्या के कारणों की भी जांच कर रही है।