मुजफ्फरनगर। शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव सोरम में शनिवार को गन्ने के खेत के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।गांव निवासी जितेंद्र कुमार पुत्र रतन सिंह और योगेश कुमार पुत्र इंद्रपाल सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि उनके गन्ने के खेत के पास डोल पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई भी मृतक की पहचान नहीं कर सका।सूचना के आधार पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में भी मृतक के बारे में जानकारी जुटाई, मगर तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष, रंग गेहुआं और कद करीब पांच फीट दस इंच है। उसकी पहचान कराने के लिए शरीर पर बने कुछ विशेष निशानों की जानकारी भी जारी की गई है।मृतक के दाहिने हाथ पर शंकर जी और ‘ॐ’ का निशान बना हुआ है। इसी हाथ पर हिंदी में ‘जय भोले शंकर’ लिखा है। बाएं हाथ पर अंग्रेजी के अक्षरों में ‘एमबी’ लिखा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि इन निशानों के आधार पर मृतक की पहचान हो सकती है।पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज की गई है।