मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना कस्बे की नई बस्ती में शनिवार सुबह कथित अवैध संबंधों के विवाद में एक युवक ने महिला के पति पर गंडासे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति की मेरठ में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं।मृतक की पहचान तालिब पुत्र तौसीफ के रूप में हुई है। वह मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र के खेल मोहल्ला लखीपुरा का निवासी था और वर्तमान में परिवार के साथ बुढ़ाना की नई बस्ती में किराये के मकान में रह रहा था।पुलिस के अनुसार, तालिब की पत्नी से आरोपी हाशिम पुत्र अनीश अब्बासी के कथित अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह विवाद के दौरान हाशिम ने तालिब पर गंडासे से जानलेवा हमला कर दिया। कई वार किए जाने से तालिब गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल तालिब को परिजन उपचार के लिए बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी हाशिम की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश की जा रही है।पुलिस का कहना है कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group