मेरठ। सावन के दूसरे शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरठ पहुंचे और कांवड़ यात्रा मार्ग का हवाई निरीक्षण करते हुए शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। राजकीय हेलीकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का जायजा लेते समय मुख्यमंत्री ने मार्ग पर चल रहे कांवड़ियों पर फूल बरसाए।हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होते ही कांवड़ियों में उत्साह दिखाई दिया। शिवभक्तों ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाकर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी हाथ हिलाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।हवाई निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा। इसके बाद हेलीकॉप्टर से उतरकर वह कांवड़ मार्ग पर बनाए गए विशेष मंच पर पहुंचे। यहां से उन्होंने सामने से गुजर रहे कांवड़ियों का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।मुख्यमंत्री ने मंच से स्वयं फूल लेकर कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। गुलाब और गेंदे के फूलों से शिवभक्तों का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर कांवड़ियों में उत्साह नजर आया और मार्ग पर लगातार शिव के जयकारे गूंजते रहे।कांवड़ यात्रा के दौरान मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क रहीं। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की गई। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के सुगम और सुरक्षित आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं पर भी नजर रखी गई।