मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में प्रेमिका के पति की गंडासे से हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी हाशिम को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मंदवाड़ा मार्ग पर हुई मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस के अनुसार, सफीपुर पट्टी में ससुराल आए मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र निवासी नसीम उर्फ तालिब की बीते दिनों गंडासे से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद हत्या का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। मामले में मृतक की पत्नी मीना और उसके पड़ोसी हाशिम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।रविवार को बुढ़ाना पुलिस को आरोपी के मंदवाड़ा मार्ग पर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।मुठभेड़ की सूचना पर क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी सुभाष अत्रि और कस्बा चौकी प्रभारी ललित कसाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, नसीम उर्फ तालिब की शादी वर्ष 2022 में बुढ़ाना की नई बस्ती, चांद मस्जिद के पास रहने वाली मीना से हुई थी। नसीम सूरत में वेल्डिंग और बिजली का काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया कि पत्नी के पड़ोसी हाशिम से कथित संबंधों को लेकर दंपती के बीच विवाद चल रहा था। इसी वजह से मीना लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी।घटना वाले दिन घर के बाहर नसीम और आरोपी के बीच कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद हाशिम ने गंडासे से नसीम के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्या में प्रयुक्त हथियार और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।