मुजफ्फरनगर(नव जागरण पोस्ट)। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने हेलीकॉप्टर से जिले के कांवड़ मार्गों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुपालन में दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर शिवभक्त कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन से हेलीकॉप्टर से उड़ान भरकर जिले की सीमा में आने वाले प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की स्थिति देखी। अधिकारियों ने यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखने के लिए किए गए प्रबंधों का भी जायजा लिया।

हवाई निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन से लेकर भूराहेड़ी, पुरकाजी, छपार, अलकनंदा, रामपुर तिराहा, बागोवाली, शिव चौक, मीनाक्षी चौक, वहलना चौक, बेगराजपुर, मंसूरपुर और खतौली तक कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा की गई।हेलीकॉप्टर से फूल बरसते देख कांवड़ यात्रियों ने उत्साह के साथ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाए। पुष्पवर्षा के माध्यम से प्रशासन की ओर से शिवभक्तों का स्वागत और अभिनंदन किया गया।डीएम और एसएसपी ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है तथा यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को लगातार परखा जा रहा है।