मेरठ। मेडिकल कॉलेज परिसर में शाम एक युवक करीब सौ फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर देखकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए समझाया, लेकिन वह काफी देर तक टंकी से नीचे नहीं आया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया।पुलिस के अनुसार युवक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के रहने वाले प्रभु कुमार के रूप में हुई है। वह मेरठ में मजदूरी करता है और कुछ समय पहले काम के सिलसिले में यहां आया था। बुधवार शाम वह मेडिकल कॉलेज परिसर में पहुंचा था।बताया गया कि युवक ने नशीले पदार्थ का सेवन कर रखा था। नशे की हालत में वह पानी की टंकी पर चढ़ गया। काफी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद वह कुछ समय तक टंकी पर ही घूमता रहा। बाद में वह वहीं लेट गया। यह देखकर आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक की स्थिति को देखते हुए दमकल विभाग की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और दमकलकर्मियों ने युवक को बातचीत के जरिए समझाने का प्रयास किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने उसे जल्दबाजी में नीचे उतारने के बजाय लगातार बातचीत जारी रखी।करीब डेढ़ घंटे के प्रयास के बाद युवक नीचे आने के लिए तैयार हुआ। पुलिस और दमकलकर्मियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ ले गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में युवक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। मामले में उसके टंकी पर चढ़ने के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।