मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई आठ मोटरसाइकिल, एक फर्जी नंबर प्लेट और चार हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक, तीन अगस्त को सिविल लाइंस क्षेत्र के एसडी मार्केट और साईं अस्पताल के पास से दो मोटरसाइकिल चोरी हुई थीं। दोनों मामलों में मुकदमे दर्ज कर आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिलों से जुड़े दो युवक संधावली अंडरपास के निकट कच्चे रास्ते पर खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों युवकों को पकड़ लिया। उनकी पहचान कवाल निवासी जावेद उर्फ सबलू और छछरौली, सहारनपुर निवासी आश मोहम्मद उर्फ आशू के रूप में हुई।पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर छह अन्य मोटरसाइकिल भी बरामद कीं। पुलिस के अनुसार बरामद वाहनों में अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई मोटरसाइकिल शामिल हैं। इसके अलावा एक फर्जी नंबर प्लेट और वाहन चोरी से प्राप्त चार हजार रुपये भी मिले।पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ 16 जुलाई को कोर्ट रोड स्थित अंबेडकर प्रतिमा के पास से मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके बाद दो अगस्त को शिव चौक के निकट एसडी मार्केट के सामने से भी मोटरसाइकिल चोरी की गई। आरोपितों के अनुसार चोरी के कुछ वाहन नंबर प्लेट हटाकर बेच दिए गए थे।पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने मुजफ्फरनगर के अलावा हरियाणा के यमुनानगर, रुड़की, चंडीगढ़ और नोएडा से भी मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के तीसरे साथी और चोरी के वाहनों को खरीदने वालों की जानकारी जुटा रही है। मामले में सिविल लाइंस थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।