मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान कराया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान में सहभागिता की। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करना ही राष्ट्र के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।जिलाधिकारी ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर सपूतों ने त्याग, बलिदान और समर्पण किया। उनके संघर्ष के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र भारत में गौरव के साथ स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाली महान आत्माओं को दुख पहुंचे। देश को निरंतर विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।उन्होंने कहा कि 80वें स्वतंत्रता दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साथ उन महान विभूतियों को भी नमन करने का अवसर है, जिन्होंने स्वतंत्रता के बाद अपनी कर्तव्यनिष्ठा, मेहनत, लगन और राष्ट्रप्रेम से देश को आगे बढ़ाने में योगदान दिया। राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता भारत की महत्वपूर्ण ताकत हैं और देश विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले महापुरुषों और अमर शहीदों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता के महत्व को समझते हुए अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और सच्चाई के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने सभी के साथ समान व्यवहार करने पर भी जोर दिया।अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह ने कहा कि देश की आजादी अनेक लोगों के बलिदान के बाद मिली। संविधान ने नागरिकों को अधिकार दिए हैं, इसलिए अपने अधिकारों के साथ दायित्वों का भी सही ढंग से पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियों का निर्वहन ही राष्ट्र की प्रगति में योगदान देगा।अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार यादव ने कहा कि देश तकनीक समेत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और ईमानदारी से निस्तारण करना चाहिए।नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़ ने कहा कि संविधान में नागरिकों को मौलिक अधिकार दिए गए हैं और लोग अब अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक हैं। अधिकारियों को संविधान से मिले अधिकारों का सदुपयोग करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट कृष्णकांत ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की कुर्बानी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नई पीढ़ी को भी उनके संघर्ष और योगदान से परिचित कराया जाना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को मिष्ठान, छाता और शाल भेंट कर तथा माला पहनाकर सम्मानित किया। स्कूली बच्चियों को स्कूली बैग और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में जामुन का पौधा भी लगाया।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट कृष्णकांत, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *